आगरा में पहचान बदलकर रह रही थीं 2 उज्बेकी महिलाएं
पुलिस ने किया उज्बेकी महिलाओं को गिरफ्तार
ताजगंज थाना में मुकदमा दर्ज
यूपी डेस्क: आगरा में पहचान बदलकर रह रही उज़्बेकिस्तान की दो महिलाओं को आज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने विदेशी महिलाओं के कब्जे से दो आधार कार्ड, 35000 हजार रुपये नगद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद किए गए दोनों आधार कार्डों पर दिल्ली का पता दर्ज है। आधार कार्ड में एक महिला का नाम लायला खान है। जबकि दूसरी महिला का नाम डेनिज दर्ज है।

ये है पूरा मामला
एलआईयू की रिपोर्ट पर पुलिस ने होटल द एंपायर में देर रात छापा मारा। होटल के रूम नंबर 209 मे रुकी 2 महिलाओं से पूछताछ की। महिलाओं से आईडी मांगी तो उनके पास दिल्ली एड्रेस की आईडी मिली। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो महिलाओं ने पुलिस के सामने सच कबूल कर लिया। एक महिला ने अपना नाम दिलयारा बताया जबकि दूसरी ने अपना नाम डेनिज बताया।

दोनों महिलाएं उपलब्ध नहीं करा पाई पासपोर्ट
महिलाओं ने बताया कि वह उज़्बेकिस्तान की रहने वाली है। पुलिस ने जब उनसे पासपोर्ट मांगा तो दोनों महिलाएं पासपोर्ट उपलब्ध नहीं करा पाई। पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले आई। पूछताछ में पता चला कि दोनों महिलाएं अवैध रूप से भारत में रह रही थीं। भारत में रहने के लिए दोनों ने फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए थे।

ताजगंज थाना पुलिस ने दोनों विदेशी महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज
इस मामले की सच्चाई सामने आने के बाद ताजगंज थाना पुलिस ने दोनों विदेशी महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दोनों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। महिलाएं पहचान बदलकर भारत में क्यों रह रही थीं। इस बात की भी जानकारी की जा रही है।
akhabaarwala Hindi News, Breaking News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़ 