बागेश्वर धाम दर्शन करने गयी महिला सात माह से लापता
पति ने धीरेंद्र शास्त्री पर लगाया ढोंग का आरोप
मानसिक रूप से परेशान थी महिला
Chitrakoot News: जिले के खुटहा गाँव से पति के साथ बागेश्वर धाम दर्शन करने गई एक महिला पिछले 7 महीने से लापता है। पति और परिजन आज भी महिला की तलाश में भटक रहे हैं। बुंदेली सेना ने बागेश्वर धाम सरकार से महिला को परिजनों से मिलाने की गुहार लगाई है। बुंदेली सेना के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि खुटहा गाँव के दुर्गा प्रसाद खंगार अपनी पत्नी मेडिया देवी (50) के साथ बागेश्वर धाम सरकार के दर्शन करने गये थे। 3 जुलाई को रात्रि में धाम की परिक्रमा लगाते समय पत्नी अपने पति से बिछड़ गई। इसके बाद दुर्गा प्रसाद ने कई दिनों से पत्नी की तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

4 जुलाई 2022 को बमीठा थाने में महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई गई l लगभग 7 महीने बीतने के बाद भी महिला का पता नहीं चल पा रहा है। पति दुर्गा और उनके बच्चे आज भी उसकी तलाश कर रहे हैं। पति ने बताया कि पत्नी मेडिया मानसिक रूप से परेशान रहा करती थी । कुछ लोग भूत -प्रेत का चक्कर बताते थे, इसी वजह से वह पत्नी को लेकर बागेश्वर धाम गया था। उसे क्या मालूम था कि यहां उसकी पत्नी ही खो जायेगी।
अत्यंत ही साधारण पृष्ठभूमि के किसान दुर्गा को आज भी उम्मीद है कि उसकी पत्नी उसे मिल जायेगी। बुंदेली सेना जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया कि बागेश्वर धाम सरकार धीरेन्द्र शास्त्री पर सभी की आस्था है। लेकिन दुर्गा को उसकी पत्नी के ढूंढवाने में सरकार को मदद करनी चाहिए। मांग किया कि सरकार गरीब किसान को उसकी पत्नी से मिलवाएं ताकि लोगों की बागेश्वर धाम के प्रति आस्था में और अधिक वृद्धि हो।
akhabaarwala Hindi News, Breaking News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़ 