सीएम योगी यूपी के इन जनपदों से करेंगे चुनावी शंखनाद
सीएम योगी जनसभाएं कर विरोधियों के उड़ाएंगे होश
निकाय चुनाव में प्रचार के लिए बनवाये गए रथ को झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे
Up Desk: निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी कमर कस ली है। भारतीय जनता पार्टी सोमवार से पूरे प्रदेश में अपने प्रचार अभियान को तेज करते हुए जनसभाएं करेगी एवं प्रचार हेतु अपने रथ रवाना करेगी। शहरी निकाय के चुनाव में पार्टी की प्रचंड जीत के लक्ष्य के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित राज्य सरकार के मंत्रिगण और वरिष्ठ नेता शहरी निकाय के चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को सम्बोधित करेंगे। सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर, शामली और अमरोहा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य झांसी व ब्रजेश पाठक गाजियाबाद में जनसभा को सम्बोधित करेंगे। साथ ही पार्टी द्वारा निकाय चुनाव में प्रचार के लिए बनवाये गए रथ को भी झण्डी दिखाकर रवाना करेंगे।
पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय राय ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को सुबह 11ः45 पर सहारनपुर पहुंचेगे। मुख्यमंत्री सहारनपुर नगर निगम में महापौर पद के लिए प्रत्याशी डा. अजय कुमार के पक्ष में जनता से वोट की अपील करते हुए महाराज सिंह डिग्री कालेज मैदान, जनता रोड सहारनपुर में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर 1ः20 पर शामली पहुंचेगे। शामली में बी.बी. इंटर कालेज में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए भाजपा को विजयी बनाने की अपील करेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 3ः45 बजे जोया रोड, अमरोहा में पार्टी प्रत्याशी शशि जैन के समर्थन में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करेंगे। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सोमवार को सुबह 11ः10 पर झांसी पहुंचेगे। वहां वे नगर निगम में महापौर पद के लिए प्रत्याशी बिहारी लाल आर्य व पार्षद पद के प्रत्याशियों के पक्ष में जनता से वोट की अपील करते हुए हाट का मैदान नगरा, झांसी में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करेंगे। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सोमवार को सुबह 11 बजे गाजियाबाद पहुंचेगे। उपमुख्यमंत्री पाठक गाजियाबाद में आयोजित नामांकन सभा को सम्बोधित करेंगे। जनसभा को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरूण व नरेन्द्र कश्यप भी सम्बोधित करेंगें। जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही अयोध्या, स्वतंत्र देव सिंह कानपुर, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर शाहजहांपुर, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल व प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह मेरठ, पूर्व केन्द्रीय मंत्री संतोष गंगवार बरेली में आयोजित जनसभाओं को सम्बोधित करेंगे।
akhabaarwala Hindi News, Breaking News, हिन्दी समाचार, हिंदी न्यूज़ 